सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) की आमसभा रविवार की शाम प्रधान महेंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सिर्फ एक गुरुद्वारा का आवेदन आने पर महासचिव सुखविंदर सिंह ने श्री गुरुनानक जयंती पर 30 नवंबर को स्टेशन रोड गुरुद्वारा से नगर कीर्तन निकालने की घोषणा की। इसका विरोध टिनप्लेट के सुरजीत सिंह और टेल्को के हरनेक सिंह ने किया। 20 मिनट तक जमकर हंगामा चला। खबर पाकर साकची पुलिस पहुंची और दोनाें पक्ष के लोगों को शांत कराया। विरोधी खेमा का कहना था कि पूर्वी इलाके से भी नगर कीर्तन निकलनी चाहिए। उन्होंने फैसला मानने से इंकार करते हुए दोबारा इस बिंदु पर निर्णय लेने का दबाव बनाया।
किसी तरह मामला शांत होने पर दोबारा बैठक शुरू हुई। नगर कीर्तन निकालने के लिए जिला प्रशासन से अनुमति ली जाएगी। बैठक में पाठी की सेवा 100 रुपए से बढ़ाकर 150 रुपए कर दी गई। इसके अलावा मुसाबनी गुरुद्वारा की जमीन पर दूसरे समुदाय द्वारा कब्जा रोकने के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण में सहयोग करने का मुद्दा उठाया गया। बाउंड्रीवाल निर्माण में तीन लाख रुपए खर्च आएगा। बैठक में पटना साहेब के उपाध्यक्ष इंदरजीत सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, बलवीर सिंह बल्ली, तरसेम सिंह, गुरुदयाल सिंह भाटिया, नरेंद्रपाल सिंह भाटिया, हरनेक सिंह, भगवान सिंह, हरविंदर सिंह मंटू, दलबीर सिंह, जसवीर सिंह पदरी, अजीत गंभीर, रविंद्र सिंह, अमृतपाल सिंह, रविंदर सिंह, जसवंत सिंह थे।
कोरोना को देखते हुए गुरुद्वारों में मार्च 21 तक नहीं होगा चुनाव
बैठक में घोषणा की गई है कि कोविड-19 को देखते हुए जिन गुरुद्वाराें में वोटिंग के जरिए चुनाव होना है, वहां मार्च 21 तक रोक लगाई गई है। वैसे गुरुद्वारा जहां सर्वसम्मति बन जाए वहां के प्रधान को सीजीपीसी मान्यता दे देगी। इस दौरान गोलपहाड़ी गुरुद्वारा से कुछ संगत हाल में हुई प्रधान पद के चुनाव को अवैध बताया।
सीजीपीसी के सलाहकार मंजीत सिंह ने उठाया वोटिंग का मामला
सीजीपीसी के सलाहकार मंजीत सिंह ने विवादित मुद्दे को बैठक में उठाया। कहा कि बिरसानगर में सिखों की घनी आबादी है। कुल पांच सौ परिवार हैं और वहां तीन वोटरों काे ही सीजीपीसी के चुनाव में वोट डालने का अधिकार है जो गलत है। आबादी की संख्या के आधार पर वोटर की संख्या बढ़ाएं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31hW8km






No comments:
Post a Comment