Breaking

Thursday, December 31, 2020

ट्रैफिक जाम से निजात चाहते हैं दंतेवाड़ावासी

दंतेवाड़ा जिला मुख्यालय के आंवराभाटा में रेलवे ओवरब्रिज का लंबे समय से यहां के लोगों को इंतजार है। 6 सालों से ओवरब्रिज बनने का मामला अटका पड़ा है। देवी दंतेश्वरी के शहर में अब ट्रैफिक लोड बढ़ रहा है। हर 15 मिनट में किरंदुल- विशाखापट्टनम रेल लाइन में ट्रेनों की आवाजाही लगी रहती है, जिससे ये मुख्य मार्ग बंद हो जाता है। सबसे ज्यादा समस्या इमरजेंसी केस के दौरान होती है।
मरीजों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल ले जाना हो या जिला अस्पताल से जगदलपुर रेफर करना हो, इस दाैरान घंटाें जाम लगा होने के कारण सबसे ज़्यादा समस्या होती है। कई बार गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी भी एंबुलेंस में ही करानी पड़ गई है, तो कई मरीजों की मौतें समय पर इलाज नहीं मिलने से भी हुई हैं। ऐसे में साल 2021 को दंतेवाड़ा के रहवासी इस बड़ी समस्या से निजात चाहते हैं। रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मांग यहां के लोग सालों से करते आ रहे हैं। कलेक्टर दीपक सोनी का कहना है कि आंवराभाटा में रेलवे ओवरब्रिज के लिए एक बार फिर प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। मंत्री से इस बारे में बात हुई है।

सांसद भी लोकसभा में उठा चुके हैं मुद्दा
दंतेवाड़ा की सबसे बड़ी मांग रेलवे ओवरब्रिज की है। बस्तर सांसद दीपक बैज भी लोकसभा के मानसून सत्र में इस मुद्दा को उठा चुके हैं। इसके बावजूद भी अब तक हल नहीं निकल पाया है। छत्तीसगढ़ पादप औषधि बोर्ड के उपाध्यक्ष छविंद्र कर्मा ने कहा कि दंतेवाड़ा की सबसे बड़ी समस्या यही है। रेलवे ओवरब्रिज बनाने की मांग कई बार की गई है, लेकिन केंद्र सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। सालों से मामला अटका पड़ा है। हर 5 से 10 मिनट में मालगाड़ी का गुजरना होता है। जाम लगता है, लोग परेशान होते हैं। ओवरब्रिज बनना ही चाहिए।

जानिए... इसलिए सबसे ज्यादा दिक्कत

  • हर 15 मिनटों में रेलवे गेट बंद होने से स्कूल, एग्रीकल्चर कॉलेज, पीजी कॉलेज, कलेक्टोरेट, तमाम सरकारी दफ्तर, कोर्ट रेलवे क्रासिंग से पहले है। शहर की तरफ से आने वाले छात्र- छात्राओं को परीक्षाओं के समय व कर्मचारियों को समय पर ऑफिस पहुंचने में कई बार दिक्कत होती है।
  • मरीजों, गर्भवती महिलाओं को समस्या।
  • दंतेवाड़ा मंदिर, किरंदुल, बचेली की ओर जाने वालों को समस्या।
  • एकाएक ट्रैफिक का लोड बढ़ता है, दुर्घटना की आशंका।


Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2JxbhIS

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Pages