बस्ती में चरबटिया स्थित राम सुन्दर साह के मकान में काम करने के दौरान करंट लगने से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। इनमें गृहस्वामी का एक पुत्र व एक मजदूर शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार नयनाबर गांव निवासी राम सुन्दर साह के कांडी बस्ती स्थित चरबटिया पर मकान का निर्माण हो रहा है। इसमें घर के सदस्यों के साथ कई मजदूर काम कर रहे थे। काम करने के दौरान दो व्यक्ति बगल से गुजरे 11 हजार वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आ गए। करंट प्रवाहित हाई टेंशन तार की चपेट में आने से राम सुन्दर साह का 30 वर्षीय पुत्र जीतेंद्र कुमार गुप्ता व उनके मकान निर्माण में बतौर मजदूर काम कर रहा पखनाहा गांव निवासी विजय चौहान का 25 वर्षीय पुत्र रोहित चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए।
मकान के ऊपर एक पाइप चढ़ाने के दौरान हाई टेंशन वायर के करंट ने पाइप को अपनी ओर खींच लिया। जिससे पाइप में भी करंट प्रवाहित होने लगा। पाइप को पकड़े हुए जीतेंद्र व रोहित भी उसी में सट गए। करंट के झटके से दोनों अलग फेंका गए। उसके बाद भी करंट में सटा हुआ पाइप लटकता रहा। बिजली सब स्टेशन फोन करके लाइन कटवाया गया तो पाइप अलग हुआ। दोनों घायलों को कांडी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहोशी की हालत में एंबुलेंस से उन्हें सदर अस्पताल गढ़वा ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। युवा पुत्रों को खो देने से दोनों घरों में कोहराम मचा है। परिजनों का रो रो कर बूरा हाल है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3aUpRU2






No comments:
Post a Comment