संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी(एसजीयू) अंतर्गत संचालित काॅलेजों में शनिवार से एडमिशन का समय शुरू हो गया, लेकिन प्रबंधन का पहला दिन निर्धारित सीट के अनुसार आरक्षण रोस्टर के तहत लिस्ट तैयार करने में ही गुजर गया। इसके चलते किसी भी काॅलेज में एक भी एडमिशन नहीं हो पाया।
ऐसी स्थिति इसलिए बन रही है क्योंकि यूनिवर्सिटी ने पंजीकृत विद्यार्थियों की सूची संबंधित काॅलेजों को अंक के आधार पर तैयार कर भेज दी है। इसे काॅलेज की सीट के अनुसार आरक्षण रोस्टर के तहत नहीं बनाया है। इस साल सबसे ज्यादा 32016 विद्यार्थियों ने विभिन्न काॅलेजों में एडमिशन के लिए पंजीयन कराया है। अब काॅलेज प्रबंधन बीए, बीएससी, बीकाम सहित अन्य संकाय के लिए मेरिट लिस्ट बना रहा है। इसके साथ कोरोना संकट में एडमिशन को लेकर शासन व यूनिवर्सिटी से गाइड लाइन नहीं मिलने से भी काॅलेज के शिक्षक व कर्मचारी परेशान हैं।
विद्यार्थियों को डिस्टेंस में रखने कर रहे व्यवस्था
पीजी काॅलेज के प्राचार्य डाॅ. एसके त्रिपाठी ने बताया कि हमारे यहां एडमिशन लेने वाले उम्मीदवारों की संख्या 6 हजार से ज्यादा है। इसलिए यहां भीड़ ज्यादा होने की आशंका है। इसलिए कॉलेज भवन के बाहर ही विद्यार्थियों को सोशल डिस्टेंस में रखने की व्यवस्था बना रहे हैं। ये काउंटर से डॉक्यूमेंट की जांच कराएंगे। यदि बारिश हुई तो कुछ बरामदे खोले जाएंगे। विद्यार्थियों के जाने के बाद बरामदे को सैनिटाइज कराया जाएगा।
पीजी काॅलेज में सीटें 1670 व 6121 का पंजीयन
संभाग में सबसे ज्यादा पीजी काॅलेज अंबिकापुर में एडमिशन लेने के लिए विद्यार्थियों ने च्वाइस दी है। यहां यूजी की फर्स्ट ईयर की कुल 1670 सीटें हैं और एडमिशन लेने वाले 6121 विद्यार्थी हैं। बीएससी बायो में 200 सीट हैं और पंजीयन 2348 का है। इसी प्रकार बीए में 800 सीट हैं और 2054 उम्मीदवार हैं। यही स्थिति अन्य संकायों की है।
सामान्य वर्ग में बीए का कट आॅफ 61.4 %
गर्ल्स पीजी काॅलेज में निर्धारित सीट से ज्यादा छात्राओं ने पंजीयन कराया है। प्रबंधन ने शनिवार को यूनिवर्सिटी से आई लिस्ट के अनुसार बीए की मेरिट लिस्ट वर्गवार तैयार कर चस्पा कर दी। इसमें सामान्य वर्ग का कट ऑफ 61.4 प्रतिशत गया है। इसी प्रकार ओबीसी 54.4, एससी 46.4 व एसटी का 55.2 प्रतिशत कट ऑफ गया है।
काॅलेज ही रोस्टर के अनुसार मेरिट बनाएंगे
"काॅलेजों को हर वर्ग के उम्मीदवारों की अलग-अलग सूची दी गई है। इससे काॅलेज को ही आरक्षण के रोस्टर के अनुसार मेरिट लिस्ट तैयार करनी है। पिछले साल क्या व्यवस्था थी, इसके बारे में पता नहीं। रोस्टर के अनुसार मेरिट लिस्ट तैयार करने की जिम्मेदारी काॅलेज की है। काॅलेज प्रबंधन को कोरोना संक्रमण को देखते हुए अन्य व्यवस्थाएं बनानी हैं।"
-विनोद कुमार एक्का, कुलसचिव, संत गहिरा गुरु यूनिवर्सिटी अंबिकापुर
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CUmy2O






No comments:
Post a Comment