सिटी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात ससुराल में नव विवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला। घटना की सूचना पर मंगलवार को पहुंचे मायके वालों ने ससुराल वालों पर हत्या कर बेटी का शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली और जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मायके वालों का यह भी कहना है कि पहले उन्हें फोन कर बेटी के कोरोना पॉजिटिव होने की गलत सूचना दी गई, बाद में फांसी लगाने की बात पता चली। मामला हाई प्रोफाइल होने पर एसपी के निर्देश पर पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई गई है। पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले में छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतका के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं।
पुलिस का कहना है कि सोमवार देर रात नव विवाहिता ने अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। इस पर पति ने दरवाजा तोड़ा तो कृतिका 29 वर्ष फांसी से लटकी मिली। इस पर ससुराल वाले उसे फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित करते हुए सूचना सिटी कोतवाली में दी थी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया था। मंगलवार को पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर कृतिका की हत्या कर शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करते हुई कार्रवाई की मांग करने लगे। उन्हें शांत कर शव का पीएम कराया गया है। पीए रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बता दें धमतरी जिले के कुरूद निवासी कमल नारायण गुप्ता की बेटी कृतिका का विवाह जिला मुख्यालय स्थित बाई सागरपारा के ओपी अवधिया के बेटे पीयूष के साथ बीते साल 29 नवंबर को हुआ था। मृतका के पिता ने बताया कि शादी के समय उन्होंने अपनी सामर्थ्य के अनुसार ससुराल पक्ष की सभी मांगों को पूरा किया था। इसके बाद भी ससुराल वाले बेटी को प्रताड़ित कर रहे थे। कमल ने बताया कि सोमवार रात डेढ़ बजे बेटी के ससुराल से उनके पास कॉल आई और बताया गया कि उसे कोरोना हो गया है। इसके कुछ देर बाद जब घर पर फोन किया तो समधी ने बताया कि बेटी ने फांसी लगा ली है और उन्होंने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी। इसके बाद कॉल की तो किसी ने रिसीव नहीं की।
मृतका के पति के कई महिलाओं से अवैध संबंध
मृतका के भाई ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि पीयूष के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे। इसके चलते वह शादी के बाद से ही कृतिका से अलग रह रहा था। इसी बात काे लेकर बहन काफी परेशान रहती थी। ससुरालवाले भी बहन की बात सुनकर उसकी मदद नहीं कर रहे थे। वह पीयूष को समझाने की बजाया बहन को ही प्रताड़ित करते थे। इसके कारण बहन काफी परेशान रहती थी।
अक्सर भाई को फोन कर बताती थी प्रताड़ना की बात
ओम प्रकाश ने बताया कि कृतिका ससुराल वालों से काफी परेशान रहती थी। इसके कारण वह उसे अक्सर फोन किया करती थी। वह उसे बताती थी कि ससुराल वाले उसे आए दिन प्रताड़ित कर रहे हैं। इस पर वह बहन को समझा बुझाकर शांत कर देता था। ओम प्रकाश ने बताया कि घटना के दिन भी सोमवार को बहन ने दोपहर 3 बजे को उसके पास फोन कर परेशानी बताई थी। तो उसे उसने समझाया था।
सुबह पति के साथ विवाद होने पर फोन कर बताया था
नवविवाहिता के पिता, भाई और मौसी ने कहा है कि उसकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की है। उसे मारकर फांसी पर लटकाया गया है। कृतिका के पिता ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 11 बजे उनकी बात बेटी से हुई थी। तब उसने हर बार की तरह सोमवार को भी पति के साथ विवाद होने की जानकारी दी थी। इसके बाद देर रात बेटी की फांसी की खबर मिली।
अस्पताल शव लेकर पहुंचे तब साड़ी फटी मिली थी
पुलिस ने पीएम और बयान की वीडियो ग्राफी करवाई है। तहसीलदार ने बयान लिया है। मृतका को फांसी से उतारकर उसके पति और ससुर रात 12 बजे जिला अस्पताल लेकर गए थे। उसकी साड़ी फटी हुई। कमरे से साड़ी का टुकड़ा भी मिला है। सिटी कोतवाली प्रभारी विमलेश दुबे ने कहा है कि इस मामले में हत्या या आत्महत्या हुई है। दोनों एंगल से जांच करेंगे।
जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी: एसपी
एसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम की फोटोग्राफी का प्रोसिजर तो होता ही है। लेकिन इसमें वीडियो ग्राफी इसलिए कराई गई है कि बाद में किसी प्रकार से कोई बात सामने न आए कि जांच के दौरान कुछ छिपाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3iX739X






No comments:
Post a Comment