झारखंड में पर्यटन के क्षेत्र में काफी संभावनाएं हैं। यहां ऐसे कई पर्यटक स्थल हैं, जिनकी ख्याति देश- दुनिया में है, लेकिन ऐसे कई पर्यटक स्थल हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी है। इन स्थलों की स्थानीय लोगों से जानकारी लेकर विकसित करें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग की समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री को विभाग की प्रधान सचिव ने बताया कि 39. 13 करोड़ रुपए की लागत से बाबा वैद्यनाथ धाम, देवघर को प्रसाद स्कीम के तहत विकसित किया जा रहा है। वहीं स्वदेश दर्शन स्कीम के तहत दलमा-चांडिल-गेतलसुद-बेतला-मिरचैया-नेतरहाट के लिए 52.72 करोड़ रुपए का बजट है। रजरप्पा के लिए 20.91 करोड़ रुपए, लुगुबुरु के लिए 11.99 करोड़, चांडिल के लिए 8.92 करोड़, रामगढ़-रांची एनएच-33 पर चुटूपालू में विजिटर्स गैलरी बनाई जाएगी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टूरिज्म टास्क फोर्स का गठन होगा
झारखंड में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नई पर्यटन नीति-2020 बनाई गई है। सीएम के समक्ष पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद और युवा कार्य विभाग की ओर से बनाई गई नई पर्यटन नीति का प्रेजेंटेशन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन नीति में जो प्रस्ताव अथवा योजनाएं बनाई गई है, उसके क्रियान्वयन को लेकर विभाग पूरी तैयारी के साथ कदम रखे।
पर्यटन के क्षेत्र में झारखंड को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जाए। पर्यटक स्थलों को विकसित करने तथा सैलानियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी तेजी से कदम उठाएं। उन्होंने बजट टूरिज्म पर फोकस करने का भी निर्देश दिया।
प्रस्तावित योजनाएं : धुर्वा में बनेगा ट्राइबल थीम पार्क
रांची के धुर्वा में ट्राइबल थीम पार्क, साहेबगंज, सरायकेला-खरसांवा और दुमका में हैंडीक्राफ्ट टूरिज्म सेंटर, राजमहल-साहेबगंज-पुनई चौक गंगा फेरी सर्किट, नेतरहाट के मैग्नोलिया सनसेट प्वाइंट में वैली ऑफ फ्लावर आदि की योजना बनाई गई है।
29 को सरकार के एक साल पूरे होंगे, ये योजनाएं होंगी लांच
हेमंत सरकार के कार्यकाल का एक साल 29 दिसंबर को पूरा हो रहा है। इस मौके पर विभाग की ओर रांची स्थित होटल अशोका का पर्यटन विभाग द्वारा अधिग्रहण और इको सर्किट प्रोजेक्ट को लांच किया जाएगा।
खेल-खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए खेल नीति तैयार
राज्य में खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के तहत खेल नीति- 2020 बनी है। खेल को आकर्षक कैरियर विकल्प बनाने की भी योजना बनी है। खिलाड़ियों का डेटाबेस बना कर अंतरराष्ट्रीय क्षमता मानक के साथ सुविधाएं दी जाएंगी।
खेल योजनाओं की अपडेट स्थिति
- राज्य के 260 खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, जबकि 256 खिलाड़ियों को खेल छात्रवृति दी गई।
- 25 आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र और 89 डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिश्रण केंद्र राज्य में चल रहे हैं।
- फिट इंडिया फ्रीडम रन, राष्ट्रीय युवा दिवस पर कार्यक्रम और खेल संघों को अनुदान देने की प्रक्रिया चल रही है।
इन योजनाओं का 29 दिसंबर को होगा शुभारंभ
- राज्य में फुटबॉल के विकास के लिए खेल विभाग, आल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन के साथ करेगा एमओयू।
- नई खेल नीति-2020 को लांच किया जाएगा, सीधी नियुक्ति के लिए चयनित खिलाड़ियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र।
- खिलाड़ियों और शोधकर्ताओं के लिए खेल पुस्तकालय शुरू होगा, 15 स्कूलों में नए हॉकी एस्ट्रो टर्फ बनाए जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/39G5fjV






No comments:
Post a Comment