पारिवारिक विवाद से परेशान आसनबनी की डोरकासाई की रहने वाली महिला अपनी दो बच्चियों के साथ गोविंदपुर रेलवे हाॅल्ट के पास ट्रैक पर साे गई। मालगाड़ी की चपेट में महिला की मौत हो गई जबकि दोनों बच्चियां बच गई। लेकिन दाेनाें की हालत गंभीर है। टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती हैं।
घटना शाम छह बजे की है। आसनबनी निवासी अशोक महतो की पत्नी लक्खी महतो (40) अपनी दो बच्ची ग्यारह वर्षीय रेशमी और तीन साल की रौशनी महतो के साथ दाेपहर तीन बजे घर से निकली। शाम को लगभग साढ़े पांच बजे गोविंदपुर हाल्ट के पास ट्रैक पर ट्रेन आता हुआ देख पटरियों पर बच्चियों के साथ लेट गई।तेजी से आ रही मालगाड़ी ने तीनों को चपेट में ले लिया। मां की ट्रेन से कटकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बच्चियां बच गई। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए दोनों को आईसीयू में रखा गया है। बताया जा रहा है कि पति अशोक महतो के साथ झगड़ा होने के बाद लक्ष्मी बच्चियों को लेकर घर से निकली थी। स्थानीय लोगों ने गोविंदपुर पुलिस को सूचना दी।
प्रत्यक्षदर्शी बोला दोनों बच्चियां पटरी के बीच में सोई रहीं, ऊपर से मालगाड़ी पार हुई
प्रत्यक्षदर्शी स्थानीय निवासी विनय वर्मा ने बताया- महिला अपनी बच्चियों के साथ ट्रैक के बीच में सोई हुई थी। मालगाड़ी आई तो मां को चपेट में ले लिया, लेकिन बच्चियों के ऊपर से गाड़ी पार कर गई। इस दौरान बच्चियों ने उठने की कोशिश नहीं की, जिससे उनकी जान बच गई। लेकिन सिर और हाथ में चोट आई है। विनय ने बताया कि पहले तो लगा कि तीनों की मौत हो गई है। लेकिन घटनास्थल पर पहुंचा तो देखा कि मां का शव ट्रैक पर पड़ा हुआ था जबकि बच्चियां ट्रैक के बगल में बैठकर रो रही थीं। इसके बाद वे लोग तुरंत बच्चियों को अस्पताल ले गए। तीन साल की रोशनी की हालत ज्यादा गंभीर बताई जा रही है।
महिला के भाई ने की शव की पहचान: थानेदार
गोविंदपुर हाल्ट के पास महिला अपने बच्चों के साथ ट्रेन की चपेट में आ गई थी। इसमें मां की मौत हो गई जबकि दोनों बच्चे घायल हो गई थीं। बच्चियों को टाटा मोटर्स अस्पताल में दाखिल कराया गया है। मृतका का भाई आया था, जिसने शव की पहचान की है। जीआरपी को केस रेफर किया गया है।
-रंजीत कुमार, थाना प्रभारी, गोविंदपुर।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37u2vEH






No comments:
Post a Comment