Breaking

Monday, May 25, 2020

नए हॉट स्पॉट में स्थिति गंभीर, गढ़वा में हर 100 टेस्ट पर मिले 3.5 मरीज, फिर भी प्रति 10 लाख पर सिर्फ 93 टेस्ट

राज्य के पहले हॉट स्पॉट के रूप में चिन्हित राजधानी रांची में अब भले कोरोना संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ गई हो, मगर प्रवासी मजदूरों की घर वापसी के साथ ही राज्य में नए हॉट स्पॉट भी बन गए हैं। खास बात ये है कि अब कोरोना का संक्रमण शहरों से निकलकर गांवों तक पहुंच गया है। गढ़वा, लातेहार, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में मामले काफी तेजी से बढ़े हैं। स्थिति ये है कि गढ़वा में हर 100 टेस्ट में 3.5 मरीज मिल रहे हैं। यानी यहां संक्रमण की सघनता ज्यादा है। जबकि पूर्वी सिंहभूम में हर 3 दिन में केस दोगुने हो रहे हैं। संक्रमण की इस तेज रफ्तार की वजह से पूरे राज्य की औसत डबलिंग रेट भी 14.7 दिन से घटकर 25 मई को 8.8 दिन पर आ गई है। यानी राज्य में अब 8.8 दिन में संक्रमण के केस डबल हो जा रहे हैं। राजधानी रांची में तो डबलिंग रेट अभी 47.8 दिन है, मगर लातेहार, कोडरमा, सिमडेगा और पूर्वी सिंहभूम में ये 4 दिन से भी कम है।

संक्रमण के फैलाव के बावजूद भी टेस्टिंग की रफ्तार धीमी, 7 जिलों में तो प्रति 10 लाख आबादी पर 50 टेस्ट भी नहीं हुए...सिर्फ 3 जिलों में टेस्टिंग संतोषजनक
राज्य में कोरोना संक्रमण के फैलाव की तुलना में टेस्टिंग की रफ्तार काफी कम है। टेस्टिंग के मामले में झारखंड देश में 24वें स्थान पर है। राज्य में प्रति 10 लाख की आबादी पर 123 टेस्ट किए जा रहे हैं। जिलावार बात करें तो स्थिति आैर भी चिंताजनक है। राज्य सरकार के अपने मानकों के मुताबिक प्रति 10 लाख की आबादी पर 200 से ज्यादा टेस्ट ही संतोषजनक आंकड़ा है। राज्य में सिर्फ 3 ही जिले ऐसे हैं जहां ये मानक पूरा हो रहा है। वहीं, यदि प्रति 10 लाख आबादी पर 65 से कम टेस्ट हो रहे हों तो स्थिति चिंताजनक मानी जाती है। राज्य में 10 जिले ऐसे हैं जो अभी चिंताजनक स्थिति में हैं। इसमें 7 जिले तो ऐसे हैं जहां प्रति 10 लाख लोगों पर 50 टेस्ट भी नहीं हुए हैं। 9 जिले ऐसे हैं जहां 100 से ज्यादा टेस्ट हुए हैं, मगर 200 से कम हैं। छोटे जिलों की स्थिति ज्यादा खराब है। खूंटी जिले की आबादी छह लाख के करीब हैं। यहां सिर्फ 339 सैंपल टेस्ट हुए हैं।

नए केसों में 10 सिल्ली के, इनमें 9 महाराष्ट्र से 19 मई को लौटे थे
राज्य में सोमवार को 31 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ ही अब राज्य में संक्रमितों की संख्या चार सौ का आंकड़ा पार कर 409 पर पहुंच गई। सोमवार को संक्रमित जिलों की सूची में खूंटी भी शुमार हो गया। यहां कर्रा प्रखंड में मुंबई से लौटा मजदूर पॉजिटिव निकला। सोमवार को सबसे ज्यादा 10 केस रांची के सिल्ली में मिले। इनमें से 9 महाराष्ट्र व 1 हरियाणा से 19 मई को लौटा था। इसके अलावा गढ़वा में दो, लातेहार में पांच, सिमडेगा में तीन, पलामू में एक, गुमला में एक, रामगढ़ में दो (एक मरीज की रिपोर्ट कल की), बोकारो में 2, पश्चिमी सिंहभूम में 3 और जमशेदपुर में 1 केस मिला है।
हजारीबाग लौटे व्यक्ति की कोलकाता में रिपोर्ट पॉजिटिव
हजारीबाग के चलकुशा प्रखंड में सोमवार को एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया गया। मगर इस व्यक्ति को राज्य के कोरोना संक्रमितों के आंकड़े में शुमार नहीं किया जाएगा। दरअसल, यह व्यक्ति 20 मई को कोलकाता से लौटा था। कोलकाता में ही 16 मई को उसका सैंपल लिया गया था, जो अब पॉजिटिव मिला। व्यक्ति का इलाज एचएमसीएच में चल रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Situation critical in new hot spot, 3.5 patients found in every 100 tests in Garhwa, yet only 93 tests per 10 lakh


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2AYPKEl

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Pages