सरगुजा जिला के दरिमा थानांतर्गत कतकालो ग्राम पंचायत के ऊपरपारा निवासी दो सगे भाइयों का घर में शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। एक की फरसा से हत्या और दूसरे का फांसी पर शव मिला है। घटना दो दिन पहले की बताई जा रही है। मृतक के पिता ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं दोनों भाइयों के आपसी विवाद को भी इससे जोड़कर देखा जा रहा है।
कतकालो गांव निवासी सुरेश राम अपने दो बेटों के साथ रहते थे। बड़े बेटे की पत्नी बलवंती पांच महीने पहले ही अपने पति से झगड़ा होने पर मायके चली गई थी। वहीं दस दिन पहले सुरेश बेटी के यहां गया था। शुक्रवार सुबह सुरेश का दामाद दोनों बेटों को अपने बच्चे के मुंह जूठी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करने पहुंचा। तो घर से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह मौके पर पहुंचे तो छोटा भाई मोहित 27 साल अपने बिस्तर पर पड़ा था। मोहित के कंधे और गर्दन पर फरसा से कई वार किए जाने के निशान थे। जबकि दूसरे कमरे में बड़े भाई रोहित 36 साल का शव फांसी पर लटक रहा था। उसी कमरे में खून लगा फरसा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसएसपी चंचल तिवारी ने भी मौके पर घटना की जानकारी ली।
जांच में घटना स्थल पर एक ही व्यक्ति के नंगे पैर के निशान मिले: टीआई
थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह ने बताया कि छोटे भाई के शव के पास खून बिखरा था। जहां पर खून से सने नंगे पैरों के निशान मौजूद हैं। इस कारण यह घटना स्पष्ट रूप से लग रही है कि बड़े भाई ने ही हत्या कर खुद आत्महत्या की है। क्योंकि यदि बाहर का व्यक्ति आएगा तो जूते या चप्पल पहनकर आएगा और दो लोगों को मारने के लिए एक से अधिक लोग पहुंचेंगे। जबकि नंगे पैरों के निशान सिर्फ एक व्यक्ति के ही हैं और फांसी के फंदे की ओर जाते दिख रहे हैं। मृतक के पिता ने भी कोई आरोप नहीं लगाया है।
दोनों भाई सनकी स्वभाव के थे इसलिए आए दिन करते थे विवाद
पुलिस ने बताया कि दोनों भाई सनकी स्वभाव के थे। इस कारण आए किसी बिना कारण के भी झगड़ते रहते थे। इस दौरान वह घर में ही हथियार लेकर तोड़फोड़ करते रहते थे। इसके निशान घर के दरवाजों, फर्श और दीवारों पर मौजूद हैं। पुलिस को मृतक के पिता ने बताया कि बड़ा भाई अधिक गुस्सैल था। इस कारण उसी ने हत्या कर खुद आत्महत्या की होगी। वहीं घटना स्थल पर मौजूद साक्ष्य भी इसी ओर इशारा कर रहे हैं।
डेढ़ महीने पहले हुआ था गांव के लोगों से विवाद
ग्रामीणों ने बताया कि छोटे भाई मोहित की डेढ़ महीने पहले ही गांव के कुछ लोगों से शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद कतकालो थाना और अजाक थाने में भी आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। ग्रामीणों के अनुसार वह लोग ठेकेदारी व अन्य काम करते हैं। मृतकों के पिता सुरेश राम ने मोहित से विवाद करने वाले लोगों पर ही हत्या का आरोप लगाया है।
गांव से घर दूर, इसलिए गांव वालों को नहीं चला पता
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाइयों का घर गांव से एकदम अलग है। उनके घर के आसपास एक भी घर नहीं है। यही कारण है कि घटना के बारे में किसी को जानकारी नहीं हो सकी। इसके अलावा घर से आने वाली बदबू भी किसी को महसूस नहीं हुई। इसके साथ ही आए दिन दोनों भाइयों में होने वाले विवाद के कारण भी गांव के लोगों ने इस ओर कभी ध्यान नहीं दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2D1FegA






No comments:
Post a Comment