Breaking

Friday, October 30, 2020

सांसद ने रेल मंत्री को ट्वीट कर बताई लोगों की परेशानी, कहा- त्योहार में ट्रेनों का परिचालन जरूरी, सांसद को लिखा पत्र

मिथिलांचल के लोग और पैसेंजर एसोसिएशन ने शुक्रवार को रांची सांसद संजय सेठ को पत्र लिखकर बिहार के लिए ट्रेन परिचालन शुरू कराने की मांग की है। साथ ही, कहा है कि ट्रेनों के नहीं चलने से झारखंड में रह रहे मिथिलांचल के लोग दीपावली और छठ में अपने गांव कैसे जाएंगे। इस बाद सांसद संजय सेठ ने रेलमंत्री पीयूष गोयल को ट्वीट कर कहा है कि दीपावली और छठ बिहार का महापर्व है। रांची से बिहार के लिए ट्रेनों का परिचालन नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। रेलवे राज्य सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर रांची से पटना, रांची से जयनगर, रांची से दुमका, देवघर, लाेहरदगा, पूर्णिया व गोरखपुर तक के लिए ट्रेन परिचालन शुरू करे।

3000 से ज्यादा मरीज बीच में ही इलाज छाेड़ वेल्लोर से लौटे

छाेटानागपुर पैसेंजर एसोसिएशन के सदस्य संदीप नागपाल ने सांसद को लिखे पत्र में कहा है कि लॉकडाउन में सरकार ने तीन हजार से ज्यादा मरीजों को वेल्लोर से रांची लाया था। मजबूरी में मरीज पूरा इलाज कराए बिना ही लौटे थे, अब वेल्लोर जैसे शहरों में इलाज के लिए जानेवालों के लिए ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जाए। हटिया-एर्नाकुलम एक्सप्रेस मरीजों के लिए ही चलाई गई है, लेकिन यह लॉकडाउन से ही बंद है। मरीजों के हित में इसे चालू करना जरूरी है।

रेलवे को छठ का महत्व पता नहीं
मैथिली मंच के महासचिव जयंत झा ने पत्र में कहा है कि रेलवे ने 18 नवंबर को बिहार जाने के लिए और 19 नवंबर को वहां से लौटने के लिए ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह निर्णय बताता है कि रेलवे के अफसरों को छठ महापर्व के महत्व का ज्ञान नहीं है।

बंगाल के लिए ट्रेन चलेगी तो बिहार क्यों नहीं जाएगी

विद्यापति स्मारक समिति के अध्यक्ष लेखानंद झा ने सांसद को पत्र लिखकर कहा है कि बिहार के लिए ट्रेनों का परिचालन जल्द शुरू कराया जाए, क्योंकि त्योहार मनाने के अलावा कई लोगों को वोट डालने भी जाना है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लिए ट्रेन चल सकती है, तो बिहार के लिए क्यों नहीं।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
फाइल फोटो


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3oKueI3

No comments:

Post a Comment

Post Top Ad

Pages