डीजीपी के आदेश पर ट्रैफिक पुलिस शुक्रवार को वाहनों की ध्वनि से होनेवाले प्रदूषण को जांचने निकली। लेकिन, उसके पास ध्वनि मापने की न तो कोई मशीन थी और नहीं तकनीक; पुलिस वाले अनुमान लगाकर वाहनों को जब्त कर रहे थे। लोगों को पुलिस की इस जांचशैली पर आश्चर्य तो हुआ ही, बेवजह परेशानी भी हुई। दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक मोरहाबादी मैदान के पास दाराेगा प्रदीप केसरी के नेतृत्व में एक एएसआई, छह ट्रैफिक जवान व लालपुर टीओपी में तैनात सैप के जवानों ने जांच अभियान चलाया। इन लोगों ने इस दौरान कई हाईस्पीड बाइक व स्कूटी को रोककर डेसिबल मीटर की जगह अनुमान पर ध्वनि प्रदूषण की जांच की।
जिस गाड़ी की आवाज ज्यादा लगी, उसे जब्त कर टीओपी में खड़ा करा लिया। इस तरह शाम तक 20 गाड़ियां जब्त कर ली गई थीं, इनमें से 10 गाड़ियां देर रात तक लालपुर टीओपी में ही खड़ी थीं। पुलिस ने जांच के क्रम में कई ऐसी गाड़ियों को भी जब्त कर लिया, जिनमें कंपनी के ही सायलेंसर लगे थे। भास्कर रिपोर्टर ने इस संबंध में जब जांच कर रहे एक पुलिस वाले से पूछा तो उन्होंने कहा कि अभी अंदाज पर रोक रहे हैं, बाद में डेसिबल मीटर से जांच करेंगे। यदि तय मानक से ज्यादा ध्वनि पाई गई, तो कोर्ट से छुड़ाना पड़ेगा। हालांकि, नियमानुसार ध्वनि प्रदूषण की जांच के दौरान डीटीओ, आरटीओ, एमवीआई या मजिस्ट्रेट की मौजूदगी अनिवार्य है। लेकिन, इस जांच में इनमें से कोई अधिकारी मौजूद नहीं था।
सारे पेपर दिखाने के बाद भी नहीं छोड़ी गाड़ी
पुलिस ने कर्नाटक से निंजा बाइक (केए 05 केएल 8904) लेकर रांची पहुंचे एक युवक को जांच के दौरान पकड़ लिया। युवक ने पुलिस को सारे कागजात दिखाए। लेकिन, पुलिस ने यह कहते हुए जब्त कर लिया कि सायलेंसर मोडिफाई किया हुआ है। हालांकि, युवक लगातार कहता रहा कि बाइक में लगा सायलेंसर कंपनी का ही है, मोडिफाई नहीं है। इसके बाद सैप का एक जवान बाइक को खींचकर टीओपी में ले जाने लगा, तो गुस्से में युवक ने पुलिस अफसर से कहा- 7.50 लाख रुपए की गाड़ी है, यदि एक भी स्क्रेच पड़ी तो जिम्मेवार आप हाेंगे।
चेकिंग देख कई बाइक सवार उलटे पांव भागे
चेकिंग देखकर कई बाइक सवार गाड़ी घुमाकर वापस भाग गए, पर पुलिस ने उन्हें पकड़ने की जहमत नहीं उठाई। कई ऐसे बाइक सवार की गाड़ी जब्त कर ली, जिन पर महिला सवार थी। हालांकि, बाइक सवार लगातार यह कहते रहे कि उनकी गाड़ी में मोडिफाई सायलेंसर नहीं है, लेकिन पुलिस उनकी एक नहीं सुनी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37TPYuY






No comments:
Post a Comment